अम्मा जी का 'दमादम मस्त कलंदर' डांस, सेट पर बज उठी तालियों की गूंज

मुंबई, 1 अप्रैल (आईएएनएस)।सिटकॉम 'हप्पू की उलटन पलटन' भले ही टीवी से ऑफ एयर हो चुका है लेकिन बीत सात सालों में सीरियल और सीरियल से जुड़े किरदारों ने फैंस के दिलों में अपनी खास जगह बना ली है, खासकर अम्मा जी और हप्पू ने।

यह दोनों ही किरदार फैंस को हंसने और कभी-कभी रोने पर भी मजबूर कर देते थे। सिटकॉम में अम्मा जी का किरदार निभाने वाली हिमानी शिवपुरी शो से जुड़ी पुरानी यादें सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं और उन्होंने अपना बेहतरीन डांस शेयर किया है, लेकिन उसके पीछे की मेहनत के बारे में भी बताया है।

हिमानी शिवपुरी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वह अम्मा बनकर, हाथ में शॉल लेकर दमादम मस्त कलंदर गाने पर जबरदस्त डांस कर रही हैं। 65 साल की उम्र में भी अभिनेत्री किसी 35 साल की महिला की तरह कमर मटका रही है लेकिन यह सीन कर पाना उनके लिए बहुत मुश्किल था। अभिनेत्री के मुताबिक उस वक्त उनके घुटनों में दर्द था और देर तक खड़ा रह पाना भी मुश्किल था लेकिन एक अभिनेता होने के तौर पर कभी-कभी खुद से पहले अपने काम को रखना पड़ा है।

उन्होंने कैप्शन में लिखा, इसके पीछे की कहानी तो आप जानते ही हैं; कभी-कभी अभिनेता शारीरिक अक्षमता के बावजूद अभिनय करते हैं। मेरे टखने में मोच आ गई थी, लेकिन स्क्रिप्ट में एक ऐसा दृश्य था जहाँ मुझे पूरे परिवार के सामने नृत्य करना था। हमारे निर्देशक ऋत्विक चिंतित थे कि इसे कैसे किया जाए। उन्होंने मुझसे पूछा, "क्या करूँ, कैंसिल कर दूँ?" मैंने कहा, "मुझे एक शॉल दो, संगीत चलाओ।" जैसा कि आप देख सकते हैं, मेरे पैर मुश्किल से हिले, मैंने बस शॉल को घुमाया!"

अम्मा जी की इस मेहनत और डांस के दीवाने यूजर्स भी हो गए हैं और उनकी खुलकर तारीफ कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि अम्मा और बाकी किरदारों की मेहनत की वजह से ही सिटकॉम 7 साल तक दर्शकों का दिल जीतता रहा है।

बता दें कि इससे पहले हिमानी ने सेट से शूटिंग का आखिरी वीडियो शेयर किया था और पर्दे के पीछे काम कर रहे कलाकारों से भी मिलवाया था। अभिनेत्री ने कहा था, "हम सात साल से साथ में काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ किरदार चले गए और कुछ आज भी शो में काम कर रहे हैं। यह शो और शो से जुड़ा हर शख्स हमारे लिए खास है।"

--आईएएनएस

पीएस/पीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...