आयुष्मान खुराना ने आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि, जनाई भोसले बोलीं-जिंदगी को उनकी तरह जियो

मुंबई, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। संगीत की दुनिया में आशा भोसले के गीतों ने दशकों तक लोगों के दिलों को छुआ। उनके निधन के बाद हर कोई उन्हें याद कर रहा है। इसी कड़ी में अभिनेता आयुष्मान खुराना और उनकी पोती जनाई भोसले ने भावुक अंदाज में उन्हें श्रद्धांजलि दी।

आयुष्मान खुराना ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह गिटार बजाते हुए पंजाबी लोकगीत 'दस मेरेया दिलबरा वे, तू केड़े अर्श दा तारा' गाते नजर आ रहे हैं। यह गीत अपने लिरिक्स और धुन के कारण बेहद खास माना जाता है। आयुष्मान ने इसे बेहद सादगी के साथ गाते हुए दिख रहे हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''यह मेरा सबसे पसंदीदा पंजाबी गीत है, जिसे आशा भोसले ने अपनी खास शैली में गाया था। मैं बचपन से ही उनकी आवाज सुनते हुए बड़ा हुआ हूं। उनके शब्दों में एक सच्चाई और अपनापन है। ऐसी आवाज कभी खत्म नहीं होती, बल्कि हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहती है।''

आयुष्मान के इस पोस्ट पर उनकी पत्नी ताहिरा कश्यप ने भी प्रतिक्रिया दी और हार्ट इमोजी के जरिए अपना प्यार जताया।

गाने की बात करें तो 'दस मेरेया दिलबरा वे' गीत में आशा भोसले के अलावा मोहम्मद रफी ने भी अपनी आवाज दी थी। यह एक रूमानी गीत है, जिसमें प्रेमिका अपने साथी से उसका ठिकाना और परिचय पूछती है।

वहीं, जनाई भोसले ने भी अपनी दादी को याद करते हुए एक बेहद खास वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया। इस वीडियो में वह अपनी दादी आशा भोसले के साथ बालकनी में खड़ी नजर आ रही हैं और नीचे से गुजर रही एक रैली को देख रही हैं। दोनों के चेहरे पर मुस्कान है। वीडियो का सबसे भावुक पल तब आता है, जब जनाई अपनी दादी के माथे पर प्यार से किस करती हैं।

इस वीडियो पर जनाई ने 1980 की बॉलीवुड फिल्म 'लूटमार' का एक प्रसिद्ध गाना, 'जब छाए मेरा जादू' का इस्तेमाल किया है। इस गाने को मशहूर गायिका आशा भोसले ने गाया है और इसका संगीत राजेश रोशन ने दिया है।

जनाई ने इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, ''वह चाहती थीं कि लोग जिंदगी को उसी तरह मनाएं, जैसे उन्होंने खुद हर पल को पूरे दिल से जिया।''

--आईएएनएस

पीके/पीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...