![]()
नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड में कुछ ऐसे सितारे होते हैं, जो अपने काम, स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस से हर साल दर्शकों के दिलों पर छा जाते हैं। उन्हीं में से एक हैं अभिनेत्री जेंडाया, जो पिछले कुछ सालों में लगातार बड़ी फिल्मों और चर्चित प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनकर ग्लोबल स्टार बन चुकी हैं।
साल 2026 उनके करियर का बेहद खास साल साबित होने वाला है, क्योंकि इस दौरान उनकी कई बड़ी फिल्में और सीरीज रिलीज होने जा रही हैं।
एक इंटरव्यू में जेंडाया ने खुलकर अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स और भविष्य की योजनाओं पर बात की। उन्होंने कहा, ''मुझे उम्मीद है कि दर्शक मुझे बार-बार स्क्रीन पर देखकर बोर नहीं होंगे। मैं सच में फैंस की आभारी हूं, जो मेरे फिल्मों और मेरे करियर को सपोर्ट करते हैं। मैं अपने हर प्रोजेक्ट के लिए दर्शकों के प्यार और समर्थन की शुक्रगुजार हूं।''
उन्होंने आगे कहा, ''इस साल दर्शक मुझे काफी ज्यादा देखने वाले हैं, क्योंकि मेरी कई फिल्में और शोज एक के एक रिलीज होने वाले हैं। इसके बाद मैं थोड़े समय के लिए गायब हो जाऊंगी, यानी ब्रेक ले लूंगी, ताकि खुद को थोड़ा समय दे सकूं और फिर नई एनर्जी के साथ वापसी कर सकूं।''
जेंडाया की इस साल की शुरुआत फिल्म 'द ड्रामा' से होगी, जो 3 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में वह एमा हारवुड का किरदार निभा रही हैं, जो एक बुकस्टोर में काम करती है और अपनी शादी की तैयारी करती है। लेकिन शादी से ठीक पहले उसके रिश्ते में एक बड़ा मोड़ आता है, जब उसे अपने पार्टनर के बारे में कुछ चौंकाने वाली बातों का पता चलता हैं। यह फिल्म रिश्तों, सच्चाई और भावनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है।
इसके अलावा, उनका चर्चित शो 'यूफोरिया' भी वापसी करने जा रहा है। इसका तीसरा सीजन 12 अप्रैल से शुरू होगा, जिसमें जेंडाया फिर से अपने लोकप्रिय किरदार में नजर आएंगी। यह शो पहले भी अपनी कहानी और किरदारों के कारण काफी चर्चा में रहा है।
साल के बीच में जेंडाया निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ टॉम हॉलैंड भी होंगे। यह फिल्म 17 जुलाई को रिलीज होगी। इसके ठीक बाद दोनों की जोड़ी फिल्म 'स्पाइडर मैन: ब्रांड न्यू डे' में भी दिखाई देगी, जो 31 जुलाई को सिनेमाघरों में आएगी। इस जोड़ी को पहले भी दर्शकों ने काफी पसंद किया है, इसलिए इस फिल्म से भी बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।
साल के आखिर में जेंडाया की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'ड्यून: पार्ट 3' 18 दिसंबर को रिलीज होगी। वहीं खबर यह भी है कि अगर वह मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा बनी रहती हैं, तो उसी दिन 'एवेंजर्स: डूम्स्डे' भी रिलीज हो सकती है।
कुल मिलाकर, 2026 जेंडाया के लिए एक ऐसा साल होगा जिसमें वह लगातार बड़े प्रोजेक्ट्स के जरिए दर्शकों के सामने नजर आएंगी।
--आईएएनएस
पीके/एएस