2,929 करोड़ रुपए के बैंक धोखाधड़ी केस में सीबीआई ने अनिल अंबानी से करीब 8 घंटे की पूछताछ

नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। देश के प्रमुख उद्योगपति अनिल अंबानी से 2,929 करोड़ रुपए के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को लंबी पूछताछ की।

सूत्रों के मुताबिक, अंबानी दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय पहुंचे, जहां उनसे करीब 8 घंटे तक पूछताछ की गई। इस मामले में उन्हें आगे की जांच के लिए अगले दिन भी पेश होने को कहा गया है।

यह पूरा मामला भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। सीबीआई ने 21 अगस्त 2025 को रिलायंस कम्युनिकेशंस और अनिल अंबानी समेत अन्य कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोप है कि कंपनी ने बैंकों से लिए गए कर्ज में अनियमितताएं कीं और फंड का गलत इस्तेमाल किया, जिससे एसबीआई को 2,929 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।

सीबीआई के अनुसार, 2013 से 2017 के बीच कंपनी ने समूह की अन्य कंपनियों के साथ जटिल लेन-देन के जरिए लोन राशि का दुरुपयोग किया। यह जानकारी फॉरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट में सामने आई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 17 सरकारी बैंकों का इस मामले में एक्सपोजर करीब 19,694 करोड़ रुपए था, जिसमें एसबीआई को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ।

एसबीआई के अलावा पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, यूको बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और आईडीबीआई बैंक सहित कई बैंकों ने भी इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। इसके अलावा, बैंक ऑफ बड़ौदा और अन्य बैंकों से जुड़े अलग-अलग मामलों में भी सीबीआई ने नई एफआईआर दर्ज की है।

सीबीआई ने अगस्त 2025 में मुंबई में रिलायंस कम्युनिकेशंस के दफ्तरों और अनिल अंबानी के निवास पर छापेमारी की थी। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

अनिल अंबानी के प्रवक्ता ने कहा है कि वह जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं और पूछताछ के लिए निर्धारित तारीखों पर पेश होंगे। उनका कहना है कि यह पेशी एसबीआई की शिकायत के आधार पर दर्ज एफआईआर के तहत की जा रही है।

इसी के साथ सीबीआई एक अन्य 57.47 करोड़ रुपए के बैंक धोखाधड़ी मामले की भी जांच कर रही है, जिसमें रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड और उसके अधिकारियों पर फंड डायवर्जन के आरोप हैं। इस मामले में भी कई बैंकों को नुकसान होने की बात सामने आई है और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।

सीबीआई की यह कार्रवाई देश के बड़े बैंकिंग धोखाधड़ी मामलों में से एक मानी जा रही है। एजेंसी अब विभिन्न बैंकों से मिली शिकायतों और जब्त दस्तावेजों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

--आईएएनएस

डीबीपी

Related posts

Loading...

More from author

Loading...